# सीतापुर:डिजिटल जनगणना: आज से घर बैठे अपनी गणना खुद करें, पोर्टल पर देने होंगे 34 सवालों के जवाब

7 से 21 मई तक चलेगा स्व-गणना का अभियान, 22 मई से घर-घर आएंगे प्रगणक

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 को लेकर डिजिटल क्रांति की शुरुआत आज से हो गई है। अब आपको अपने घर के बाहर जनगणना कर्मी का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। आप खुद अपने मोबाइल या लैपटॉप से परिवार का पूरा ब्योरा सरकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन ने इसके लिए 21 मई तक का समय दिया है।

पोर्टल पर दर्ज करनी होगी संपत्ति और सुविधाओं की जानकारी

एडीएम नीतिश कुमार सिंह के मुताबिक, जनगणना के पहले चरण में मकानों के सूचीकरण का काम होगा। पोर्टल पर कुल 34 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की स्थिति, फर्श, छत और दीवार में प्रयुक्त सामग्री के साथ-साथ परिवार में उपलब्ध सुविधाओं जैसे बिजली, पानी, शौचालय, रसोई गैस और वाहनों की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा घर में इस्तेमाल होने वाले मुख्य अनाज का विवरण भी मांगा गया है।

ऐसे करें स्व-गणना

सबसे पहले आधिकारिक पोर्टलse.census.gov.in पर जाएं।

 मोबाइल नंबर और ईमेल के जरिए परिवार के मुखिया का पंजीकरण करें।

 ओटीपी (OTP) के जरिए सत्यापन के बाद जिला, तहसील और गांव का चयन करें।

मानचित्र पर अपने घर की सटीक लोकेशन चिह्नित करें।

 सभी 34 सवालों के जवाब देने के बाद 'सबमिट' करें।

 अंत में 11 अंकों की SEID संख्या प्राप्त होगी, इसे संभाल कर रखें।

9958 कर्मी संभालेंगे मोर्चा

 सीतापुर में 8,523 प्रगणक और 1,435 पर्यवेक्षक तैनात हैं। 22 मई से ये कर्मी घर-घर जाकर आपके द्वारा दर्ज डिजिटल आंकड़ों का सत्यापन करेंगे। यदि आपने खुद जानकारी दर्ज नहीं की है, तो उस दौरान गणनाकर्मी आपसे विवरण लेकर ऐप में फीड करेंगे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ