#सीतापुर:डीएम के आदेश पर 5 घंटे चला खुदाई अभियान, नहीं मिला कंकाल; 4 साल से लापता युवक की गुत्थी बरकरार

संदना,सीतापुर (उत्तर प्रदेश): सीतापुर जिले में एक सनसनीखेज मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर बीते दिवस पुलिस और प्रशासन की टीम ने भारी बल के साथ एक घर में खुदाई की। करीब 5 घंटे तक चली 8 से 10 फीट गहरी खुदाई के बाद भी प्रशासन के हाथ कुछ नहीं लगा। यह खुदाई संदना थाना क्षेत्र के अली नगर गांव में एक महिला के दावे पर की गई थी, जिसने अपने पति की हत्या कर घर में ही शव दफनाने का आरोप लगाया था। ​पत्नी ने लगाया था हत्या कर दफनाने का आरोप
अली नगर निवासी सोनी ने जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. से शिकायत की थी कि उसका पति रिंकू पिछले 4 साल से लापता है। सोनी का आरोप था कि चार नामजद और दो अज्ञात लोगों ने मिलकर उसके पति की हत्या कर दी और शव को घर के भीतर ही दफना दिया है। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल तहसीलदार और पुलिस बल को खुदाई कर सच्चाई का पता लगाने का आदेश दिया।
​भारी फोर्स और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई
तहसीलदार अतुल सेन सिंह, फॉरेंसिक टीम, डॉक्टरों के दल और भारी पुलिस बल के साथ सुबह करीब 10:30 बजे गांव पहुंचे। अचानक इतनी बड़ी संख्या में पुलिस और अधिकारियों को देख गांव में हड़कंप मच गया। महिला द्वारा बताए गए संदिग्ध स्थान पर खुदाई शुरू की गई। करीब 5 घंटे तक चली जद्दोजहद और 10 फीट गहरा गड्ढा खोदने के बाद भी न तो कोई कंकाल मिला और न ही हत्या से जुड़ा कोई साक्ष्य।
​प्रशासनिक बयान और आगे की जांच
तहसीलदार अतुल सेन सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला की मौजूदगी में ही खुदाई कराई गई। जब काफी गहराई तक कुछ नहीं मिला, तो महिला ने स्वयं खुदाई रुकवाने का अनुरोध किया और अपनी शंका का समाधान होने की बात कही।  हालांकि, सोनी ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि यदि शव यहाँ नहीं है, तो पुलिस उसके पति को ढूंढकर लाए कि वह 4 साल से आखिर कहां गायब है। 
​अभी भी बना है रहस्य
भले ही खुदाई में कुछ न मिला हो, लेकिन 4 साल से रिंकू का लापता होना अब भी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। क्या रिंकू किसी बड़ी साजिश का शिकार हुआ या वह कहीं जीवित है, पुलिस अब इन सभी पहलुओं पर नए सिरे से जांच करने की तैयारी में है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ