हरगांव,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के हरगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला मंत्री को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में भाजपा नेता को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
काम निपटाकर घर लौट रहे थे सुखदीप
मिली जानकारी के अनुसार, हरगांव थाना क्षेत्र के बनिहार झाला निवासी सरदार सुखदीप सिंह भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में जिला मंत्री हैं। मंगलवार देर रात वह अपना निजी काम निपटाकर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। वह अभी रास्ते में ही थे कि तभी अचानक अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
तीन बाइक सवारों ने घेरा, पीठ में मारी गोली
बताया जा रहा है कि रास्ते में सुनसान जगह पर तीन बाइक सवारों ने सुखदीप सिंह की मोटरसाइकिल को जबरन रुकवा लिया। इससे पहले कि सुखदीप कुछ समझ पाते, हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से उन पर सीधा फायर झोंक दिया। गोली सुखदीप सिंह की पीठ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े और तड़पने लगे।
ग्रामीणों की मदद से पहुंचे अस्पताल
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल सुखदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हरगांव थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, इस संबंध में अपराध निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि भाजपा नेता को गोली लगने की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ