#सीतापुर:जूनियर लक्खा के भजनों पर जमकर बरसीं तालियां, भक्ति रस में डूबा लालबाग.

गणेश महोत्सव: 'प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी' पर झूमे श्रद्धालु, रविवार कपिल बावरा ग्रुप की सजेगी भव्य झांकी.

सीतापुर(संवाददाता): शहर के लालबाग स्थित 'लालबाग के राजा' गणेश महोत्सव में आयोजित भजन संध्या में देर रात तक श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर रहे। तत्सव सेवा संस्थान की ओर से सजे भव्य पंडाल में कलाकारों की सुरमयी प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गजानन के दर्शन कर भजन संध्या का आनंद लिया।

'प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी' पर झूमे भक्त.कार्यक्रम का शुभारंभ विघ्नहर्ता की वंदना से हुआ। इसके बाद लखीमपुर से आए जूनियर लक्खा के नाम से विख्यात राम प्रकाश लक्खा ने जैसे ही प्रसिद्ध भजन “प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी” का आलाप छेड़ा, पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे। उनके हर भजन पर श्रोताओं ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। इसके बाद लखनऊ की अनन्या श्रीवास्तव ने राधा रानी को समर्पित भजनों से समां बांध दिया। वहीं दिल्ली की कुमारी एकता और स्थानीय कलाकार अनूप निषाद ने लोकगीतों की मधुर प्रस्तुति देकर देर रात तक भक्तों को बांधे रखा।

रोशनी से जगमग पंडाल में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़.महोत्सव के दौरान लालबाग में प्रतिदिन धार्मिक व सांस्कृतिक अनुष्ठानों की श्रृंखला चल रही है। शाम ढलते ही आकर्षक विद्युत सजावट और भव्य पंडाल का दीदार करने के लिए शहर के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। व्यवस्था संभालने में समिति के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद रस्तोगी 'पालू', संरक्षक गप्पू रस्तोगी, कोषाध्यक्ष अजय जाधव, मंत्री सुधीर पाण्डेय, दया रस्तोगी, अंकुर व राहुल गुप्ता सहित पूरी टीम सक्रिय रही।

उत्तराखंड का कपिल बावरा दल बिखेरेगा रंग.समिति पदाधिकारियों ने बताया कि रविवार को महोत्सव में विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें उत्तराखंड के कपिल बावरा और उनकी टीम द्वारा मनमोहक धार्मिक झांकियों का मंचन किया जाएगा। आकर्षक वेशभूषा और संगीत के संयोजन से सजी इन झांकियों के लिए समिति ने धर्मप्रेमियों से सपरिवार पहुंचने का आह्वान किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ