सीतापुर(उत्तर प्रदेश):आकांक्षात्मक विकास खंड बिसवां के नामित केंद्रीय प्रभारी अधिकारी उमेश कुमार सिंह ने सोमवार को क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान
केंद्रीय प्रभारी ने ग्राम पंचायत कमुआ में प्राकृतिक खेती के विभिन्न मॉडलों का निरीक्षण किया। कृषि सखियों ने जीवामृत, बीजामृत और घनजीवामृत जैसी तकनीकों के माध्यम से किसानों की लागत कम करने और आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। उमेश कुमार सिंह ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन्हें जन-आंदोलन का रूप देकर अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ा जाए। गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जीआईसी जनुवा, आंगनबाड़ी केंद्र, ओपन जिम और मझिगवां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न सरकारी केंद्रों का जायजा लिया। प्रभारी अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पात्र लाभार्थियों को मिले। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
विकास कार्यों का लिया ब्योरा
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और आकांक्षात्मक विकास खंड बिसवां की उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा केंद्रीय प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत किया। खंड विकास अधिकारी धनंजय सिंह ने विकास खंड स्तर पर किए जा रहे नवाचारों और ग्रामीण विकास की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
0 टिप्पणियाँ