मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह: 206 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, मिले उपहार और आशीर्वाद.

कृषक इंटर कॉलेज मैदान में हुआ भव्य आयोजन; 194 हिंदू व 12 मुस्लिम नवयुगल एक दूजे के हुए.

महोली,सीतापुर (संवाददाता):कृषक इंटर कॉलेज महोली के मैदान में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन हुआ। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस समारोह में विभिन्न विकास खंडों और नगर पालिका क्षेत्र के कुल 206 नवयुगल परिणय सूत्र में बंधे। पूरे रीति-रिवाज के साथ 194 हिंदू जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए, वहीं 12 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ा गया। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

विकास खंडवार जोड़ों का विवरण.समारोह में ऐलिया, महोली, पिसावां और हरगांव क्षेत्र से आए वर-वधुओं ने गृहस्थ जीवन की शुरुआत की। आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 70 जोड़े विकास खंड पिसावां से शामिल हुए। इसके अलावा ऐलिया विकास खंड के 66, महोली ग्रामीण के 54, हरगांव के 09 तथा महोली नगर पालिका क्षेत्र के 07 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह मंडप में मंत्रोच्चार और निकाह की रस्मों के बीच माहौल उत्सवमय बना रहा।

डीबीटी से खाते में 64 हजार.जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़े पर कुल 1,00,000 रुपये का व्यय निर्धारित है। इसमें से वधु के बैंक खाते में 64,000 रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की जाएगी। साथ ही नवदंपतियों को गृहस्थी स्थापित करने के लिए 21,000 रुपये मूल्य की आवश्यक वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई, जबकि 15,000 रुपये प्रति जोड़े के मान से समारोह के भव्य आयोजन पर व्यय किए गए।

जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद.समारोह में महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, महोली व पिसावां के ब्लॉक प्रमुख, उपजिलाधिकारी महोली, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ऐलिया व महोली के खंड विकास अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी महोली सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट किए और सरकार की इस कल्याणकारी योजना को निर्धन परिवारों के लिए बड़ा संबल बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ