सीतापुर(उत्तर प्रदेश): नैमिषारण्य को भव्य और सुसज्जित स्वरूप देने के लिए चल रहे निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बीते दिवस औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चक्रतीर्थ कुंड कॉम्प्लेक्स, चक्रतीर्थ एंट्रेंस प्लाजा और ललिता देवी मंदिर के निकट पंचमुखी प्लाजा के निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।
डीएम ने मौके पर प्रयुक्त हो रहे पत्थरों की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। उन्होंने अधिकारियों व कार्यदायी संस्था को दो टूक निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए और कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्रस्तावित पार्किंग स्थल, पर्यटन सुविधा केंद्र तथा धर्मशाला को ‘पिलग्रिम इंटरप्रिटेशन सेंटर’ के रूप में परिवर्तित और नवीनीकृत करने के कार्यों का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि नैमिषारण्य आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य में तेजी लाई जाए।


0 टिप्पणियाँ