सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रामपुरकलां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारी से हुई लूट व डकैती की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के सात शातिर बदमाशों को धर दबोचा है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए चांदी के जेवरात, दो अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो बाइकें बरामद की हैं।
रेकी कर सिर पर डंडे से किया था वार बीती 23 अगस्त की शाम रसूलपुर से जाननगर मार्ग पर सर्राफा दुकानदार रमेश निगम दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। अभियुक्तों ने योजनाबद्ध तरीके से पहले व्यापारी की रेकी की और फिर दो बाइकों पर सवार होकर रास्ते में उनके सिर पर डंडे से हमला कर जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
घेराबंदी कर तिराहे से दबोचे गए बदमाश एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह व सीओ सिधौली विशाल गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने बगराभारी तिराहे के पास से सातों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों में लखनऊ के मनीष रावत, अनूप, नंदू कनौजिया, विशाल तिवारी, राजस्थान के दिलशाद और महमूदाबाद सीतापुर के पंकज व पप्पू शामिल हैं।
लूटे गए जेवरात, असलहा और बाइकें बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 जोड़ी पायल, 163 बिछिया, 17 अंगूठी, ताबीज, दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त अपाचे व टीवीएस स्पोर्ट बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में चालान कर सभी को न्यायालय भेज दिया है।


0 टिप्पणियाँ