#सीतापुर में बाढ़ की तैयारियों को लेकर डीएम सख्त, 15 जून तक कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।आगामी बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया और कटाव निरोधक परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
मास्टरपुर में कार्यों का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सबसे पहले शारदा नदी के किनारे स्थित ग्राम मास्टरपुर पहुंचे। यहाँ उन्होंने चल रही कटाव निरोधक परियोजना की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त कार्य 15 जून 2026 तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होने चाहिए।

रतौली में गुणवत्ता पर दिया जोर
इसके उपरांत जिलाधिकारी शारदा नदी के दायें किनारे स्थित ग्राम रतौली पहुंचे, जहाँ कटाव निरोधक परियोजना का कार्य चल रहा है। यहाँ उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता को परखा और अधिकारियों से कहा कि बाढ़ के समय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि समयबद्ध ढंग से कार्य पूरे करने का उद्देश्य बाढ़ से होने वाले संभावित नुकसान को न्यूनतम करना है।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अधिशासी अभियन्ता (सिंचाई) विशाल पोरवाल, अधिशासी अभियन्ता (लोक निर्माण विभाग) मिथिलेश वर्मा और सहायक अभियन्ता (सिंचाई) पुष्कर वर्मा उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ