#सीतापुर: बड़ी मालियत के लेखपत्रों की जांच में जुटे डीएम, गयावर में स्वयं किया स्थलीय निरीक्षण

मिश्रिख,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। तहसील क्षेत्र के ग्राम गयावर में मार्च 2026 में हुए बड़ी मालियत के निबंधित लेखपत्रों की जांच को लेकर जिला प्रशासन बेहद सख्त है। सोमवार को जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर संपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम के औचक निरीक्षण से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
मौके पर परखी हकीकत
जिलाधिकारी ने गयावर गांव पहुंचकर उन संपत्तियों का भौतिक सत्यापन किया, जिनका हाल ही में बड़े स्तर पर हस्तांतरण हुआ है। उन्होंने अभिलेखों में दर्ज ब्यौरे का मौके पर मौजूद स्थिति से मिलान किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि संपत्तियों का मूल्यांकन सरकारी मानकों के अनुरूप है और राजस्व की कहीं कोई क्षति तो नहीं हुई है।
अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बड़ी मालियत के निबंधनों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि भविष्य में ऐसे किसी भी मामले में निबंधन से पहले सभी तथ्यों की गहन जांच-पड़ताल की जाए। डीएम ने दो टूक लहजे में कहा कि राजस्व हित सर्वोपरि है और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सख्ती से हड़कंप
जिलाधिकारी के इस औचक दौरे ने स्पष्ट कर दिया है कि संपत्ति के क्रय-विक्रय में पूर्ण पारदर्शिता प्रशासन की प्राथमिकता है। लेखपत्रों के भौतिक सत्यापन के लिए डीएम के स्वयं उतरने से विभागीय तंत्र में सतर्कता बढ़ गई है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ