सीतापुर(उत्तर प्रदेश) जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जवाबदेह बनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय बेहतर करें ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्यवाही
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओवरस्पीडिंग, हेलमेट-सीटबेल्ट का प्रयोग न करने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर कार्यवाही करें।
ब्लैक स्पॉट्स का होगा सुधारडीएम ने लोक निर्माण विभाग और एनएचआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिह्नित दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों पर तत्काल सुधार कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि शासनादेश के प्राविधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित होना चाहिए। सड़कों पर अवैध अतिक्रमण और डग्गामार वाहनों के संचालन पर भी सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
बेहतर समन्वय से बचेगा जीवन
जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस प्रशासन का एकजुट होना अनिवार्य है। उन्होंने 'गोल्डन आवर' की महत्ता बताते हुए निर्देश दिए कि घायलों को तत्काल इलाज मिले और सभी विभाग मिलकर जागरूकता की अलख जगाएं, ताकि सामूहिक प्रयासों से जनपद की सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके।
0 टिप्पणियाँ