#सीतापुर: विशेष मध्यस्थता अभियान और लोक अदालत की सफलता के लिए मंथन

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-04 व राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी विजय कुमार आजाद और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव ने मध्यस्थता केंद्र में कार्यरत सभी मध्यस्थ अधिवक्तागणों के साथ विचार-विमर्श किया।
विशेष अभियान 2.0 पर जोर
बैठक के दौरान सचिव आलोक यादव ने माननीय उच्च न्यायालय द्वारा संचालित ‘विशेष मध्यस्थता अभियान 2.0’ की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी मध्यस्थ अधिवक्ताओं का आह्वान किया कि वे लंबित पत्रावलियों और वादों के अधिक से अधिक निस्तारण के लिए तत्परता दिखाएं ताकि पक्षकारों को सुलभ न्याय मिल सके।
आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी
इसके साथ ही आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई। नोडल अधिकारी विजय कुमार आजाद ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सुलह-समझौते के आधार पर वादों का निस्तारण करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बैठक में मौजूद अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक मामलों को चिह्नित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ