सीतापुर:(उत्तर प्रदेश)।जनपद के संदना थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिश्रिख-सिधौली मार्ग पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा डागराहा स्थान के समीप उस समय हुआ जब लखनऊ से नैमिषारण्य दर्शन के लिए जा रही एक तेज रफ्तार कार और सामने से आ रहे ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
गड्ढे में गिरे वाहन, ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। स्थानीय लोगों की सूचना पर संदना थाना अध्यक्ष मानपाल सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा भिजवाया गया।
क्षमता से अधिक सवारियां बनी काल
बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थीं, जो इस हादसे का मुख्य कारण बनीं। दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार 30 वर्षीय संजय पुत्र बैजनाथ, निवासी सरवा थाना संदना, की मौके पर ही मौत हो गई वहीं, ई-रिक्शा चालक वीरेंद्र त्रिपाठी (37) समेत गुड्डी देवी, भोला शंकर, अंकुश, रामासरे और उनकी पत्नी डॉली सहित कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार लखनऊ के अलीगंज निवासी कंचन श्रीवास्तव को भी चोटें आईं। सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना अध्यक्ष मानपाल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार और ई-रिक्शा दोनों के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से मार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की विधिक जांच में जुटी है।
0 टिप्पणियाँ