सीतापुर,(उत्तर प्रदेश)।जनपद में रविवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सीतापुर-गोला मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में मां-बेटे और मामी की जान चली गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अंगरासी मोड़ पर हुआ हादसाजानकारी के अनुसार, रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरथाना निवासी हिमांशु पांडेय (25) अपनी मां रेखा पांडेय (50) और मामी सुनीता (45) पत्नी जयशंकर बाजपेई के साथ बाइक से एक वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। रविवार सुबह करीब उनकी बाइक जैसे ही कोतवाली देहात के कचनार चौकी अंतर्गत ककरहा के समीप अंगरासी मोड़ के पास पहुंची, तभी सीतापुर की तरफ से गोला की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
चीख-पुकार से गूंज उठा इलाकाटक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशु और रेखा पांडेय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनीता को स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग जमा हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलने पर कचनार चौकी प्रभारी टीबी सिंह व कोतवाली देहात थानाध्यक्ष अमर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष अमर सिंह ने बताया कि मृतकों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अज्ञात चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी चालक की शिनाख्त कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
0 टिप्पणियाँ