सीतापुर(उत्तर प्रदेश):समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आगामी 31 मई को जनपद के सभी विकास खंड मुख्यालयों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन भी मौके पर ही किए जाएंगे।
(काल्पनिक चित्र)
योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल ने बताया कि 22 मई को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शिविर में मुख्य रूप से राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, फैमिली आईडी, अनुसूचित जाति/जनजाति एवं सामान्य वर्ग शादी अनुदान और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना पर विशेष फोकस रहेगा। इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ही लाभार्थियों की समस्याओं का निस्तारण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा उद्घाटन
विकास खंडवार आयोजित होने वाले इन शिविरों की कमान खंड विकास अधिकारियों के हाथों में होगी। संबंधित खंड विकास अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शिविरों का विधिवत उद्घाटन कराएंगे। शिविर में समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी देंगे।
जरूरी अभिलेखों के साथ पहुँचें पात्र व्यक्ति
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी पात्र एवं इच्छुक व्यक्तियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि यानी 31 मई को अपने संबंधित विकास खंड मुख्यालय पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि लाभार्थी अपने साथ योजनाओं से संबंधित आवश्यक अभिलेख अवश्य लेकर आएं, ताकि समय रहते उनके आवेदन ऑनलाइन जमा किए जा सकें और उन्हें योजनाओं का लाभ त्वरित गति से मिल सके।
0 टिप्पणियाँ