सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के थाना संदना क्षेत्र में पिछले दिनों मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। सत्यनारायण यादव उर्फ 'परदेशी बाबा' की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि एक युवक ने अपनी मां को उसके चंगुल से 'आजाद' कराने के लिए की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
तंत्र-मंत्र के शक में रची खौफनाक साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी नागेन्द्र पुत्र सीताराम ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी मां का इलाज 'परदेशी बाबा' करीब 17-18 वर्षों से कर रहा था। आरोपी को संदेह था कि बाबा ने उसकी मां को तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाकर अपने वश में कर रखा है। छह माह पूर्व भी बाबा के साथ उसका विवाद हुआ था, जिस पर बाबा ने धमकी दी थी कि वह उसकी मां को नहीं छोड़ेगा। इसी रंजिश में उसने 12 मई की रात गला काटकर बाबा की हत्या कर दी।
रूह कंपा देने वाली बर्बरता
आरोपी ने पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसे किसी ने अंधविश्वास के चलते यह सलाह दी थी कि यदि किसी तांत्रिक को मारकर उसके हाथ-पैर में कील ठोक दी जाए, तो उसकी आत्मा नहीं भटकती। इस वहम के चलते उसने हत्या के बाद मृतक के हाथ-पैरों में कीलें ठोक दी थीं। आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक का आधार कार्ड, पर्स और अपने कपड़े भी जला दिए थे, जबकि मोबाइल फोन सिधौली स्थित सरायन नदी में फेंक दिया था।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह व सीओ मिश्रित बृजेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को मलिहाबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर ग्राम दोना के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम:
थानाध्यक्ष मान सिंह पाल, का0 लंकेश यादव, का0 रंजीत सिंह।
0 टिप्पणियाँ