इमलिया सुल्तानपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के रामपुर भूड़ा गांव के पास मंगलवार देर रात बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने शराब दुकान के सेल्समैन को निशाना बनाते हुए करीब 40 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने तमंचे से फायर झोंक दिया, जिसमें बाइक पर पीछे बैठा युवक गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दुकान बंद कर लौटते समय बदमाशों ने घेरा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सेवरहन स्थित शराब की दुकान पर कार्यरत सेल्समैन दिनेश मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। दिनेश के साथ बाइक पर सुजीत भी सवार था। जैसे ही उनकी बाइक रामपुर भूड़ा गांव के समीप पहुंची, अंधेरे में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें असलहे के बल पर रोक लिया। बदमाशों ने दिनेश से रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।
साहस का परिचय दिया तो चला दी गोली
साहस दिखाते हुए जब दिनेश ने लूट का विरोध किया और बैग नहीं छोड़ा, तो झल्लाए बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उन पर गोली चला दी। गोली बाइक के पीछे बैठे सुजीत के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। शोर मचता देख बदमाश नकदी से भरा बैग लेकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस महकमे में हलचल, जल्द खुलासे का दावा
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस अधीक्षक सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल सुजीत को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस और एसओजी सहित कई टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस जल्द ही बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है।
0 टिप्पणियाँ