# सीतापुर में बी.एड. प्रवेश परीक्षा कल, 6 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगा इम्तिहान

सीतापुर(उत्तरप्रदेश): जनपद में 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026-28 को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बीते दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक हुई। इसमें परीक्षा की शुचिता के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
 दो पालियों में होगी परीक्षा
अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 06 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
सीसीटीवी की निगरानी और क्लॉक रूम की व्यवस्था
परीक्षा की शुचिता पर जोर देते हुए एडीएम ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील होने चाहिए और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी की जाए। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रत्येक केंद्र पर क्लॉक रूम बनाना अनिवार्य किया गया है, ताकि परीक्षार्थी अपना मोबाइल, बैग और अन्य प्रतिबंधित सामग्री वहां सुरक्षित जमा करा सकें। किसी भी केंद्र पर अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और निर्बाध सेवाएं
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस विभाग को प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त बल तैनात करने और केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सुचारू यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवा और अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने को कहा गया है।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ