सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तालगांव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जहरखुरानी कर ई-रिक्शा और बैटरी चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न केवल आरोपी को दबोचा, बल्कि शत-प्रतिशत चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
मंदिर के पास से बुक किया था ई-रिक्शा
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त विशाल निगम ने अपने साथी के साथ मिलकर 24 मई को हनुमान मंदिर के पास से ई-रिक्शा मानपुर और बिसवां के लिए बुक किया था। रास्ते में बरधइयाँ बाजार के समीप चालक सुनील को पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए और उसे तालगांव नहर रोड स्थित गन्ने के खेत में छिपा दिया।
ठिकाने लगाने की फिराक में था आरोपी
अभियुक्तों ने घटना के बाद ई-रिक्शा की एक बैटरी निकालकर राह चलते पांच हजार रुपये में बेच दी थी। शेष तीन बैटरी और ई-रिक्शा को आज आरोपी विशाल किसी अन्य स्थान पर ठिकाने लगाने की फिराक में था, तभी पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर गन्ने के खेत से ई-रिक्शा और शेष बैटरियां बरामद कर ली गई हैं।
सख्त कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। तालगांव थाना पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
0 टिप्पणियाँ