#सीतापुर:दिव्यांगों के जीवन में घुलेगी खुशियों की मिठास, ट्रस्ट ने शुरू किया 'जीवन साथी चयन' अभियान

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)समाज की मुख्यधारा से दिव्यांगों को जोड़ने और उनके जीवन में वैवाहिक सुख का रंग भरने के लिए 'विकलांग साथी ट्रस्ट' ने एक अनूठी पहल की है। संस्था की ओर से 'दिव्यांग जीवन साथी अभियान' का आगाज किया गया है, जिसके तहत अविवाहित दिव्यांग युवक-युवतियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
समान सोच और सम्मान पर जोर
ट्रस्ट के पदाधिकारियों का कहना है कि आज के दौर में दिव्यांगों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश एक बड़ी सामाजिक चुनौती बनी हुई है। इसी रिक्तता को भरने के लिए 'समान सोच, समान सम्मान' के संकल्प के साथ यह अभियान शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को एक गरिमापूर्ण वैवाहिक जीवन और सशक्त परिवार निर्माण में मदद करना है।
पंजीकरण फॉर्म में विस्तृत विवरण अनिवार्य
संस्था द्वारा जारी पंजीकरण फॉर्म में आवेदक को अपनी दिव्यांगता का प्रकार शारीरिक, दृष्टि, मानसिक या मूक-बधिर, शैक्षणिक योग्यता, आय और जाति जैसे विवरण देने होंगे। साथ ही, आवेदक को अपने होने वाले जीवनसाथी से जुड़ी अपेक्षाओं का उल्लेख करने की भी सुविधा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर युवतियों के लिए परिवार के मुखिया या अभिभावक का विवरण देना अनिवार्य किया गया है।
अभियान को सफल बनाने के लिए संस्था के प्रतिनिधि जमीन पर उतरकर कार्य कर रहे हैं। पंजीकरण या अन्य जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति प्रवीण सिन्हा (9984971761), श्रीमती वंदना (8299251551) या रिजवान मंसूरी (9721664601) से संपर्क कर सकते हैं।
"हमारा लक्ष्य एक समावेशी समाज का निर्माण करना है जहाँ दिव्यांगजनों को भी बराबरी का हक और सम्मान मिले। यह अभियान उनके जीवन में नई उम्मीदें लेकर आएगा।”
यह जानकारी, विकलांग साथी ट्रस्ट सीतापुर व विकलांग साथी ट्रस्ट के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव, एवं मोटिवेशनल स्पीकर श्री मंसूरी ने दीं

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ