#सीतापुर के मेधावियों का कमाल, विधानसभा के सदन में गूँजेगी जिले के पांच युवाओं की आवाज़

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): विकसित भारत 2047 की संकल्पना में युवाओं की भूमिका और उनके सशक्तिकरण की गूंज अब उत्तर प्रदेश विधानसभा के गलियारों में सुनाई देगी। जनपद में आयोजित 'विकसित भारत युवा संसद' के विजेताओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता और तार्किक शक्ति से राज्य स्तरीय मंच पर अपना स्थान सुरक्षित किया है। आगामी 01 से 03 मई तक लखनऊ स्थित विधान भवन में आयोजित होने वाले विशेष सत्र में सीतापुर के पांच मेधावी अपने विचार साझा करेंगे।
बौद्धिक विमर्श में जिले का दबदबा
जनपद स्तरीय युवा संसद में भारतीय युवाओं के मार्ग को सशक्त बनाने की चुनौतियों और संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई। इस वैचारिक स्पर्धा में अमन कुमार त्रिपाठी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इनके साथ ही सक्षम श्रीवास्तव (द्वितीय), फ़ारोज़ा अक़मर (तृतीय), इला मिश्रा(चतुर्थ) और भूमिका सिंह (पंचम) ने भी शीर्ष पांच में जगह बनाई। ये पांचों प्रतिनिधि अब प्रदेश के अन्य जनपदों से आए मेधावियों के साथ विधान भवन के सदन में संवाद करेंगे।
मृणाली संभालेंगी संचालन का दायित्व
सीतापुर के लिए यह उपलब्धि बहुआयामी है। जहां एक ओर जिले के पांच युवा वक्ता के रूप में सदन की कार्यवाही का हिस्सा बनेंगे, वहीं दूसरी ओर सिधौली की मृणाली दीक्षित को इस राज्य स्तरीय गौरवपूर्ण कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 
सशक्त भारत की नई तस्वीर
'मेरा युवा भारत' की जिला युवा अधिकारी प्रतिमा वर्मा ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए इसे जनपद के लिए एक गरिमामयी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति चेतना जागृत करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का कार्य करते हैं। विधानसभा के पटल पर इन युवाओं की उपस्थिति न केवल उनके व्यक्तिगत विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह बदलते उत्तर प्रदेश की एक सशक्त तस्वीर भी पेश करती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ