#सीतापुर:बारिश के बीच क्षेत्र में निकले डीएम, राहत कार्यों का किया निरीक्षण

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में बीते कुछ घंटों से जारी तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश ने जहाँ सामान्य जनजीवन की रफ्तार थाम दी है, वहीं जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने गंभीरता को देखते हुए मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार को भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर राहत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मातहतों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि जलभराव और बिजली संकट जैसी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
जल निकासी और जन स्वास्थ्य की प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने नगर निकाय और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जल भराव वाले संवेदनशील स्थानों से तत्काल जल निकासी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोर दिया कि अवरुद्ध नालों की सफाई और पंपों का संचालन अविलंब हो, ताकि संक्रामक रोगों के प्रसार और जलजनित समस्याओं को समय रहते रोका जा सके।
विद्युत आपूर्ति और मार्गों की सुगमता पर बल
तेज हवाओं के कारण क्षतिग्रस्त हुए बुनियादी ढांचे पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने कहा कि टूटे विद्युत पोल और तारों को अविलंब दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि मार्गों पर गिरे हुए पेड़ों को प्राथमिकता के आधार पर हटाकर आवागमन को पूर्णतः सुचारू बनाया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ