सीतापुर(उत्तर प्रदेश)जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार को महोली विकास खंड के उरदौली गांव में सरकारी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर में भारी लापरवाही सामने आने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। चार महीने से एचआरपी रजिस्टर अपडेट न मिलने पर उन्होंने एएनएम के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए, वहीं कार्यों में शिथिलता बरतने पर आशा व सहायिका को नोटिस थमाने का आदेश दिया।
रिकॉर्ड में मिली विसंगति पर डीएम की नाराजगी
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जब हाई रिस्क प्रेग्नेंसी रजिस्टर चेक किया, तो वह पिछले चार माह से अद्यतन नहीं पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस बड़ी चूक पर डीएम ने एएनएम मधू को कड़ी फटकार लगाई और उनके खिलाफ तत्काल अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री के ड्यू लिस्ट में मिली त्रुटियों को भी जल्द सुधारने की चेतावनी दी। डीएम ने स्वयं वजन मशीन चलाकर उपकरणों की कार्यक्षमता को परखा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की हिदायत दी।
गर्भवती महिला को फोन कर पूछा हाल, लापरवाह कर्मियों को नोटिस
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का सख्त रुख यहीं नहीं रुका। उन्होंने मौके पर मौजूद रजिस्टर से नंबर निकाल कर गर्भवती महिला को फोन लगाया और उपचार का फीडबैक लिया। कार्यों में लापरवाही और रुचि न लेने पर उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिका मनोरमा व आशा कार्यकत्री किरन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सीएचओ प्रज्ञा त्रिवेदी से वार्ता करते हुए उन्होंने ओपीडी और बीपी रजिस्टर का मिलान किया तथा क्षेत्र की जनसंख्या संबंधी आंकड़े भी जुटाए।
प्राइमरी स्कूल की रसोई में परखी गुणवत्ता, बच्चों के संग जांची 'निपुण' दक्षता
स्वास्थ्य केंद्र के बाद डीएम प्राथमिक विद्यालय उरदौली प्रथम पहुंचे। वहां उन्होंने रसोई घर में जाकर बच्चों के लिए बने मिड-डे मील का स्वाद चखा और स्वच्छता के मानकों को देखा। उन्होंने रसोइया को सख्त निर्देश दिए कि बच्चों को केवल मैन्यू के हिसाब से ही ताजा और पौष्टिक भोजन दिया जाए। कक्षा-1 में पहुंचकर उन्होंने बच्चों की प्रगति जांची और एक छात्र से पुस्तक पढ़वाकर शिक्षा के स्तर को परखा। उन्होंने निपुण तालिका और साप्ताहिक आंकलन ट्रेकर रजिस्टर का भी बारीकी से मिलान किया।
अधिकारीगण रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह सहित तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ