ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने दी बड़ी राहत, उपभोक्ताओं को 'नेगेटिव बैलेंस' और रिचार्ज की झंझट से मिली मुक्ति
सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।जनपद के लाखों विद्युत उपभोक्ताओं के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। काफी समय से स्मार्ट मीटरों के रिचार्ज और अचानक बिजली कटने की समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए प्रशासन ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब जिले के सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर पोस्टपेड व्यवस्था के तहत संचालित होंगे। इस महत्वपूर्ण निर्णय की आधिकारिक पुष्टि जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने अपने ट्विटर हैंडल के माध्यम से की है।
जिलाधिकारी के ट्विटर हैंडल से साझा हुआ वीडियो
जिलाधिकारी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस संबंध में एक वीडियो साझा किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा इस नई व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। वीडियो में मंत्री जी ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं से लगातार मिल रहे फीडबैक और तकनीकी चुनौतियों को देखते हुए यह बदलाव किया गया है। अब उपभोक्ताओं को 'नेगेटिव बैलेंस' होने पर अचानक अंधेरे का सामना नहीं करना पड़ेगा और न ही उन्हें बार-बार छोटे-छोटे रिचार्ज करने की जरूरत होगी।
डिजिटल माध्यम से मिलेगा बिल
साझा किए गए वीडियो में वक्तव्य देते हुए मंत्री जी ने बताया कि अब बिलिंग की पुरानी पारदर्शी व्यवस्था फिर से प्रभावी होगी। अब हर महीने की 1 से 30 तारीख तक का बिलिंग चक्र चलेगा। बिल बनने के बाद उपभोक्ताओं को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS और WhatsApp के जरिए सूचना दी जाएगी। मीटर पर भी बिल की राशि देखी जा सकेगी।
भुगतान के लिए मिलेगा पर्याप्त समय
प्रशासन द्वारा जारी नई गाइडलाइन के अनुसार, महीने के अंत में बिल जारी होने के बाद उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए 10 दिन का समय दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त एक सप्ताह का ग्रेस पीरियड (अतिरिक्त समय) भी मिलेगा। मंत्री जी ने सभी उपभोक्ताओं से विभाग की वेबसाइट पर अपना मोबाइल नंबर अपडेट करने की अपील की है ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान सुचारू रूप से हो सके।
मंत्री ए.के. शर्मा ने आश्वस्त किया कि बिलिंग चक्र के दौरान किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा और पूर्व की भांति 5 SMS अलर्ट की सुविधा भी जारी रहेगी। प्रशासन के इस कदम से सीतापुर के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं में खुशी की लहर है।
0 टिप्पणियाँ