सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कमलापुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में आज एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को सिर्फ इसलिए गोली मार दी क्योंकि वह उससे बात नहीं कर रही थी। घटना के बाद आरोपी अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के परिवार के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मानपुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपने रिश्तेदारों के यहां कमलापुर थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर गांव आई हुई थी। आज शाम करीब 6:15 बजे, युवती पर एक युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, हमलावर और पीड़िता एक-दूसरे को जानते थे और दोनों ही मानपुर क्षेत्र के एक ही गांव के निवासी हैं,युवक युवती से बात करने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती के मना करने पर वह आगबबूला हो गया और उसने फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस टीम गठित, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक, जनपद सीतापुर, अंकुर अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पीड़िता के बयान के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि हमलावर और युवती एक-दूसरे को जानते थे और दोनों एक ही गांव के निवासी हैं युवती को इलाज के लिए सिधौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया है।
दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
एसपी अंकुर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने आरोपी के परिवार को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ