सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में वक्फ संपत्तियों के विवरण को केंद्रीय उम्मीद पोर्टल-2025 पर अपडेट और त्रुटिहीन करने की कवायद तेज हो गई है। सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ/जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि लखनऊ से मिले निर्देशों के क्रम में, उम्मीद पोर्टल पर अपलोड की गई विसंगतिपूर्ण जानकारी को एक महीने के भीतर सुधारना अनिवार्य है। विशेषकर 50 एकड़ से अधिक भूमि वाले मामलों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके लिए कलेक्ट्रेट कार्यालयों में शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
समीक्षा बैठक के बाद सख्त निर्देश
लखनऊ सर्वे कमिश्नर वक्फ कार्यालय से प्राप्त पत्र के अनुसार, भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह बात सामने आई थी कि उम्मीद पोर्टल पर अपलोड की गई जानकारी तय दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं है। इसी के बाद शासन स्तर से एक माह के भीतर सभी जानकारियों और दस्तावेजों को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
50 एकड़ से अधिक भूमि पर विशेष फोकस
इस पूरे अभियान में ऐसी वक्फ संपत्तियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जिनका भूमि क्षेत्र 50 एकड़ से अधिक है। केंद्रीय उम्मीद पोर्टल-2025 पर दर्ज इन बड़ी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों के संकलन, सत्यापन और स्पष्टीकरण के लिए ही जिलेवार विशेष शिविरों का खाका तैयार किया गया है, ताकि कोई भी विसंगति न रहे।
मुतवल्ली और प्रबंध समितियां यहाँ करें संपर्क
जनपद सीतापुर के समस्त मुतवल्लियों, प्रबंध समितियों और प्रशासकों को सूचित किया गया है कि वे वक्फ संपत्तियों से संबंधित सभी अपलोड की गई जानकारियों और जरूरी दस्तावेजों के विवरण के साथ तत्काल विकास भवन के तीसरे तल पर स्थित कक्ष संख्या 301 (सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ कार्यालय)में संपर्क करें। अधिकारियों ने अपील की है कि सभी संबंधित लोग समय से विवरण उपलब्ध कराकर इस कार्य को पूरा करने में सहयोग दें।
0 टिप्पणियाँ