सीतापुर(उत्तर प्रदेश):समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने संगठन को मजबूती देने के लिए एक बड़ी पहल की है। उन्होंने सीतापुर में सपा के नए जिला कार्यालय के निर्माण के लिए 5 हजार स्क्वायर फीट की अपनी निजी जमीन पार्टी को दान कर दी है। इस जमीन की रजिस्ट्री लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय 'समाजवादी पार्टी, 19 विक्रमादित्य मार्ग' के नाम पर दर्ज कराई गई है।
NH-30 पर खैराबाद रेलवे स्टेशन के पास है भूखंड
पूर्व विधायक अनूप गुप्ता द्वारा दान की गई यह जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर खैराबाद रेलवे स्टेशन के समीप स्थित है, जो आवागमन के लिहाज से काफी सुगम है। इस जमीन को पार्टी के नाम हस्तांतरित करने के लिए ₹10 लाख 80 हजार की स्टांप ड्यूटी चुकाई गई है। रजिस्ट्री की इस कानूनी प्रक्रिया के दौरान सपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा और सीतापुर के जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे।'पार्टी हमारी मां जैसी, उसके लिए समर्पण सौभाग्य की बात'
जमीन की रजिस्ट्री के बाद अनूप गुप्ता की पत्नी बबिता गुप्ता और उनके बेटे ने मीडिया से बात करते हुए इसे अपने परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। बबिता गुप्ता ने कहा कि राजनैतिक दल एक कार्यकर्ता के लिए मां समान होता है और अपनी मां के लिए कुछ भी समर्पित करना सौभाग्य की बात है। वहीं उनके बेटे ने अपने दादा स्वर्गीय ओमप्रकाश गुप्ता की विरासत को याद करते हुए कहा कि बिना किसी जाति, धर्म या भेदभाव के जनसेवा करना ही उनके परिवार का मुख्य लक्ष्य है और पार्टी हित में उनका परिवार हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगा।
दो से तीन महीने में शुरू हो सकेगा कार्यालय निर्माण
भवन निर्माण को लेकर पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने बताया कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जमीन के दाखिल-खारिज की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके तुरंत बाद जिला कार्यालय के प्रस्तावित भवन का नक्शा पास कराया जाएगा। इस पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया में लगभग दो से तीन महीने का समय लगने की उम्मीद है, जिसके बाद सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से यहाँ एक भव्य सपा जिला कार्यालय का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ