सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जेठ के तीसरे बड़े मंगल पर कज़ियारा स्थित प्राचीन श्री शिव संकट मोचन मंदिर में आस्था का समंदर हिलोरें ले रहा है। सोमवार से शुरू हुए अखंड अनुष्ठान के बाद आज मंगलवार को भोर की दिव्य मंगला आरती और मारुति नंदन के आलौकिक श्रृंगार के साथ मुख्य महोत्सव की भव्य शुरुआत हो चुकी है। मंदिर सेवा परिवार द्वारा आयोजित इस 19वें हनुमान महोत्सव में पूरा कज़ियारा और पुराना सीतापुर 'जय श्री राम' के नारों से गुंजायमान है। अब से कुछ ही देर में आस्था, सेवा और समरसता के प्रतीक 'विशाल भंडारे' का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसकी तैयारियां मंदिर प्रांगण में पूरी कर ली गई हैं।
विशाल भंडारे का होने जा रहा शंखनाद, डटे सेवादार
दोपहर के 12:00 बजते ही संकट मोचन मंदिर परिसर में विशाल भंडारे की शुरुआत होने जा रही है। आधी रात तक बिना रुके चलने वाले इस महाप्रसाद वितरण को लेकर मंदिर परिसर में भक्तों की उत्साह चरम पर है। सेवा भाव के साथ हज़ारों लोगों के लिए भंडारे का प्रबंध किया जा रहा है। व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए स्थानीय रामभक्त और सेवादार अपनी-अपनी पोजीशन पर मुस्तैद हो चुके हैं। प्रभु के द्वार एक अद्भुत और दिव्य नज़ारा कुछ ही देर में सबके सामने होगा।
शाम को संगीतमय सुंदरकांड का प्रवाह
दोपहर में महाप्रसाद वितरण के साथ-साथ भक्तों का मंदिर में दर्शन-पूजन का क्रम लगातार जारी रहेगा। इसके बाद, शाम की बेला को और अधिक दिव्य बनाने के लिए ठीक 5:00 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का प्रवाह शुरू होगा। ढोलक, मंजीरों और संपुट चौपाइयों की मधुर धुन पर पवनपुत्र के चरित्र का गान किया जाएगा। शाम 7:00 बजे होने वाली विशेष संध्या आरती से पहले मंदिर प्रांगण को फूलों और फलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सजेगी टीवी कलाकारों की सुरमयी महफिल
आज की इस ऐतिहासिक रात का सबसे बड़ा आकर्षण शाम 7:00 बजे से शुरू होने वाली भव्य 'भजन संध्या' होगी। 'द मयूर जागरण पार्टी' के मंच पर आज देश और प्रदेश के नामचीन कलाकार अपनी हाज़िरी लगाएंगे। लखीमपुर के जीत अलबेला, लखनऊ के धर्मेंद्र मधुर और इंडियन आइडल जूनियर फेम शोभित कुमार जैसे सुप्रसिद्ध गायक अपनी सुरीली और हृदयस्पर्शी प्रस्तुतियों से भक्तों को रसविभोर करेंगे। सुर, ताल और अगाध श्रद्धा का यह समां देर रात प्रभु की शयन आरती तक पूरी शिद्दत से बंधा रहेगा।
0 टिप्पणियाँ