सीतापुर(उत्तर प्रदेश)जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एक बड़ा अभियान चलाया गया। संबंधित क्षेत्राधिकारियों के निकट पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए सकरन, खैराबाद, कमलापुर, थानगांव, हरगांव और मिश्रिख थानों की पुलिस टीमों ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे कुल 09 वांछित अभियुक्तों और वारंटियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में प्रचलित वाद और थानों पर दर्ज मुकदमों से संबंधित इन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस द्वारा कानूनी प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पोक्सो एक्ट का आरोपी मोतले गिरफ्तार, पुराना आपराधिक इतिहास आया सामने
कमलापुर पुलिस ने धारा 65(1) बीएनएस और 5n/6 पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित आरोपी मोतले निवासी ग्राम गवहिया को दबोचा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह इससे पहले भी थाना कमलापुर में दर्ज मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं के दो अलग-अलग मामलों में नामजद रह चुका है।
हरगांव पुलिस ने बरामद किए वारदात में इस्तेमाल डंडे, खैराबाद व मिश्रिख में दहेज उत्पीड़न के आरोपी धरे
हरगांव पुलिस ने धारा 191(2)/190/105 BNS के दो वांछितों, बिरजू और संकटा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक लिप्टिस का डंडा और बांस के डंडे के चार टुकड़े बरामद किए हैं। वहीं, खैराबाद पुलिस ने रामश्री उर्फ सरला और मिश्रिख पुलिस ने जगतपाल व बिट्टी देवी को दहेज उत्पीड़न व अन्य धाराओं में गिरफ्तार किया है।
थानगांव पुलिस ने दो वारंटियों को दबोचा, सकरन पुलिस ने भी की कार्रवाई
थाने और न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के तहत थानगांव पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों हंशराज निवासी बछमरिया और छैलू निवासी रकबा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। इसके अलावा, सकरन पुलिस ने मारपीट व धोखाधड़ी के पुराने मामले में वांछित सुरेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा।
0 टिप्पणियाँ