#सीतापुर:स्टॉक रजिस्टर से लेकर वितरण तक, सीतापुर में खाद सेंटरों की गहन जांच; डीएम ने दिए सुधार के निर्देश

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।जिले में खाद वितरण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने विकास खंड परसेण्डी और हरगांव स्थित खाद की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को घंटों लाइन में लगाने और नियमों की अनदेखी पर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले एक दुकानदार का वेतन रोकने और एआर को-ऑपरेटिव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
परसेण्डी में किसानों का दर्द देख भड़के डीएम
जिलाधिकारी सबसे पहले शाह महोली परसेण्डी स्थित जिला सहकारी फेडरेशन पहुंचे। यहां दुकानदार रामचंद्र मिश्रा की दुकान पर किसानों की लंबी कतार देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कृषि अधिकारी से स्टॉक रजिस्टर और वितरण का मिलान कराया। कार्यों में घोर लापरवाही और किसानों को परेशान करने पर डीएम ने रामचंद्र मिश्रा का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं, मॉनिटरिंग में ढिलाई बरतने पर एआर को-ऑपरेटिव राजेंद्र कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई।
लाइसेंस प्रदर्शित न करने पर कार्रवाई
इसके बाद डीएम हरगांव स्थित 'वर्मा कृषि सेवा केंद्र' पहुंचे। यहां दुकानदार राहुल वर्मा के पास लाइसेंस तो था, लेकिन उसे दुकान पर चस्पा नहीं किया गया था। नियमों के उल्लंघन पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को दुकानदार के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
किसानों से लिया फीडबैक, ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केवल दस्तावेजों की जांच तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि खाद ले चुके किसानों से फोन पर बात की। उन्होंने किसानों से सीधा फीडबैक लिया कि खाद के लिए उनसे निर्धारित दर से अधिक पैसे तो नहीं वसूले गए। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि खाद वितरण में कोई मनमानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार, उप कृषि निदेशक समेत तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि किसानों को किसी भी हाल में खाद के लिए भटकना न पड़े, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ