# सीतापुर में दर्दनाक हादसा: लकवे से पीड़ित बुजुर्ग ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को उड़ाया, दो माह पहले पत्नी को खोने के बाद थे गहरे सदमे में.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मरहमतनगर गांव में उस समय मातम पसर गया, जब एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर मौत को गले लगा लिया। मृतक पिछले काफी समय से बीमारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो साल से चल रहा था इलाज
मरहमतनगर गांव निवासी 60 वर्षीय राकेश मिश्रा पिछले लगभग दो वर्षों से लकवे जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। परिजनों के अनुसार, बीमारी के चलते वे शारीरिक रूप से लाचार हो गए थे, हालांकि इलाज जारी था और सुधार के भी संकेत थे। लेकिन अंदर ही अंदर बीमारी ने उन्हें मानसिक रूप से कमजोर कर दिया था।
पत्नी की मौत ने दिया गहरा जख्म
राकेश मिश्रा की जिंदगी में दुखों का पहाड़ तब टूटा, जब करीब दो महीने पहले उनकी पत्नी रजनी का निधन हो गया। पत्नी को खोने के बाद वे पूरी तरह टूट चुके थे। परिजनों का कहना है कि वे लगातार अकेलेपन और अवसाद में घिरे रहते थे और अक्सर अपनी हालातों को लेकर चिंता जताते थे।
आंगन में ही खत्म की जीवनलीला
बीते दिवस राकेश घर के आंगन में चारपाई पर आराम कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक उठाई और खुद को गोली मार ली। गोली की तेज आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण बदहवास होकर दौड़े, लेकिन तब तक राकेश की सांसे थम चुकी थीं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी संभावित कारणों को खंगाला जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ