सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के थाना क्षेत्र रामकोट के अंतर्गत ग्राम रायपुर के पास एक अनियंत्रित ऑटो और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुँची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दो की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
रायपुर के पास आमने-सामने की टक्कर
हादसा रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर के समीप मुख्य मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि ऑटो और मोटरसाइकिल दोनों तेज रफ्तार में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ऑटो सड़क किनारे पलट गया मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस के जरिए सभी को जिला अस्पताल पहुँचाया।
हादसे में एक युवक की थमी सांसें
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त राजेश, निवासी मछली मंडी के रूप में हुई है। राजेश की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुँची, परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो की हालत नाजुक, लखनऊ रेफर
हादसे में घायल अन्य पांच लोगों का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। हालांकि, दो घायलों की गंभीर स्थिति और शरीर पर आई गहरी चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। शेष तीन घायलों का उपचार जिला अस्पताल में ही जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ