मिश्रिख, सीतापुर(उत्तर प्रदेश) थाना क्षेत्र के कमसेपुर गांव के पास मंगलवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक अनियंत्रित ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे भाई
हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि बाइक सवार युवक एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, इमलिया सुल्तानपुर के ग्राम नतौरा निवासी वर्षीय कपिल अपने चचेरे भाई लवकुश के साथ बाइक पर सवार होकर खुशी-खुशी कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे कि रास्ते में दुखद हादसा हो गया।
भिड़ंत के बाद गहरे गड्ढे में पलटा ट्रैक्टर, चालक ने भी तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में जा पलटा। इस भीषण भिड़ंत में बाइक सवार कपिल और ट्रैक्टर चला रहे बर्मी निवासी मोहित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे लवकुश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गड्ढे में पलटे ट्रैक्टर को बाहर निकलवाया और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ