# सीतापुर: बकरीद पर नई परंपरा न डालें, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं त्यौहार - डीएम

जिलाधिकारी और एसपी ने ली पीस कमेटी की बैठक, सुरक्षा के कड़े इंतजाम के निर्देश

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
नई परंपरा को न दें बढ़ावा, सरकारी गाइडलाइन का करें पालन
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बकरीद का पर्व जनपद में हमेशा से भाईचारे का प्रतीक रहा है। इस वर्ष भी इसे उसी भावना के साथ मनाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी नई परंपरा शुरू न की जाए। कुर्बानी केवल निर्धारित और परंपरागत स्थलों पर ही की जाए। उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध की बात दोहराते हुए आमजन से अपील की कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और नालियों में अवशेष न फेंके जाएं। स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर, संवेदनशील इलाकों में रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व के दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पुलिस लगातार भ्रमण व गश्त करती रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। उन्होंने साफ किया कि यदि किसी ने भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की, तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सफाई, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अफसरों को निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईदगाहों, मस्जिदों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर चूना छिड़काव कराया जाए। विद्युत विभाग को त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने और स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय समेत विभिन्न धर्मगुरु और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ