#सीतापुर में आंधी का कहर: छप्पर संग गिरी पक्की दीवार, मलबे में दबकर वृद्ध की दर्दनाक मौत

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात आई तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आंधी के कारण पक्की दीवार और उस पर रखा छप्पर भरभराकर गिर गया, जिसके नीचे दबकर वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। मलबे से ससुर को बाहर निकालने की जद्दोजहद में बहू भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
भोजन के बाद सो रहे थे वृद्ध
घटना सदरपुर क्षेत्र के रंडा मजरे लच्छीपुर गांव की है। रात का खाना खाने के बाद 65 वर्षीय मूलचंद्र पुत्र नंदा अपने घर में छप्पर के नीचे सो रहे थे। तभी अचानक मौसम बदला और तेज आंधी-तूफान आने से दीवार गिर गई। मलबे की चपेट में आने से मूलचंद्र की मौके पर ही सांसें थम गईं।
बचाने की कोशिश में बहू घायल
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बहू सुमन ने जब अपने ससुर को मलबे से बाहर निकालने का प्रयास किया, तो वह भी चोटिल हो गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे खतरे से बाहर बताते हुए घर भेज दिया।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
घटना की सूचना मिलते ही महमूदाबाद के नायब तहसीलदार राकेश त्रिपाठी और सदरपुर थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है और पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ