#सीतापुर:खैराबाद में भव्य शिक्षक संवाद कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले के 10 शिक्षक सम्मानित.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): केंद्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को खैराबाद के भूमिजा प्रेक्षागृह में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा भव्य 'संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम' आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' समेत तमाम जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में 'विकसित भारत-2047' की संकल्पना को साकार करने के लिए शिक्षकों से सीधा संवाद किया गया। इस दौरान बेसिक और माध्यमिक शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिले के 10 शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।अतिथियों ने किया दीप प्रज्ज्वलन, नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु', पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक निर्मल वर्मा, एमएलसी पवन सिंह चौहान व उमेश द्विवेदी और जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बीएसए ने सभी अतिथियों को पौधे भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कंपोजिट विद्यालय जमैयतपुर के बच्चों ने सरस्वती वंदना और प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत व योग की मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
 शिक्षक पूरी निष्ठा से संवारें बच्चों का भविष्य: राज्यमंत्री
शिक्षकों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' ने कहा कि देश और समाज के नवनिर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है। 'विकसित भारत-2047' के सपने को सच करने की जिम्मेदारी अध्यापकों के कंधों पर है, इसलिए सभी शिक्षक अपने सेवित क्षेत्रों में पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करें। कार्यक्रम में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की कल्याणकारी और शैक्षणिक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में शिक्षकों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
 उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला ओडीओपी प्रतीक चिन्ह
इस मौके पर विद्यालयों को 'निपुण' बनाने में बेहतरीन योगदान देने वाले बेसिक शिक्षा के 05 शिक्षकों शिवसागर वर्मा, आदित्य प्रकाश पाण्डेय, अपर्णा सिंह, बबिता दुबे, पेमेन्द्र कुमार दीक्षित और माध्यमिक शिक्षा के 05 शिक्षकों रमेश बाजपेयी, अरुण कुमार, अल्पना, मनीष सिंह, शशी सिंह को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और जनपद के विशेष एक जिला एक उत्पाद, उत्पाद का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों व शिक्षामित्रों को जलपान वितरण के बाद बीएसए ने सभी का आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ