#सीतापुर:आधी रात मसीहा बनी पुलिस,राह भटकी रोशनी को सुरक्षित देख छलक आईं पिता की आँखें.

महमूदाबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):'सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा' के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए महमूदाबाद कोतवाली पुलिस ने देर रात राह भटकी एक मासूम बच्ची को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया है। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की पूरे इलाके में सराहना हो रही है। अपनी लाडली को सही-सलामत वापस पाकर भावुक पिता की आँखें छलक आईं।
तत्काल पहुंचे पुलिसकर्मी
मामला मंगलवार देर रात लगभग 11:00 बजे का है। पुलिस को सूचना मिली कि महमूदाबाद के बस अड्डा चौराहा पर एक नाबालिग लड़की अकेली घूम रही है और घबराई हुई अवस्था में लोगों से मदद की गुहार लगा रही है। रात का समय होने के कारण अनहोनी की आशंका को देखते हुए कोतवाली में तैनात उप-निरीक्षक दीपक राठौर और महिला कांस्टेबल रचना बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुँचे।
बच्ची को बंधाया ढांढस 
पुलिस टीम ने रोती-बिलखती बच्ची को ढांढस बंधाया और प्यार से पूछताछ की। बालिका ने अपना नाम रोशनी  पुत्री राम नरेश, निवासी ग्राम कुस्मौरा, थाना रेउसा सीतापुर बताया। अत्यधिक डरी और घबराई होने के कारण वह अपने परिजनों का मोबाइल नंबर या अन्य कोई सटीक जानकारी नहीं दे पा रही थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस टीम उसे तत्काल कोतवाली ले आई।
अपनों का मिला आँचल
महमूदाबाद पुलिस ने बिना देर किए रेउसा क्षेत्र के स्थानीय संभ्रांत नागरिकों और संपर्कों के माध्यम से बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस टीम का प्रयास रंग लाया और बच्ची के पिता से संपर्क हो गया। सूचना पाकर थाने पहुँचे पिता राम नरेश और ग्राम प्रधान शिवेन्द्र राही की उपस्थिति में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्ची को सकुशल सुपुर्द किया गया। परिजनों ने सीतापुर पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्यशैली का आभार जताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ