बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सकरन क्षेत्र के बेलवा बसैहा गांव के निकट किवानी नदी पर अब विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। वर्षों से पुल की बाट जोह रहे बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने का समय आ गया है। उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने हवन-पूजन के साथ 13 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस सेतु का शिलान्यास किया।
'डबल इंजन' सरकार का संकल्प
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार का लक्ष्य विकास की योजनाओं को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर सेतु निगम द्वारा ऐसे पुलों के निर्माण में दो साल का समय लगता है, लेकिन उनके विशेष प्रयासों से यह पुल एक साल के भीतर ही बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को लखनऊ-सीतापुर होकर सहारनपुर तक चलने वाली 'वंदे भारत' ट्रेन का उल्लेख करते हुए इसे सीतापुर वासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
सुगम होगा आधा सैकड़ा गांवों का सफर
क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा ने कहा कि बेलवा बसैहा में पुल बनने से आधा सैकड़ा से अधिक गांवों के निवासियों का आवागमन सुगम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दे रही है। बिसवां में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही शहरवासियों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा पूरे क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
ग्रामीणों में हर्षोल्लास
शिलान्यास के अवसर पर भारी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने करतल ध्वनि और हर्षोल्लास के साथ पुल निर्माण कार्य का स्वागत किया। इस मौके पर भूमि विकास बैंक लखनऊ मंडल के डायरेक्टर कृपा शंकर वर्मा, सुनील वर्मा, रामकुमार वर्मा, गुड्डू वर्मा, प्रधान संघ अध्यक्ष सुंदरलाल तिवारी, मंडल अध्यक्ष पंकज सिंह, चंद्रभाल चौरसिया, माधवराव बाजपेई, अशोक कुमार, रामकिशोर, रामप्रसाद शर्मा, रवि कुमार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामचंद्र गौड़, सुशील बाजपेई, बृजेश सिंह, मुन्ना रस्तोगी, शिवकुमार गुप्ता व गिरजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ