सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने रविवार को चौतरफा कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के कड़े निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने विशेष तलाशी अभियान चलाकर कुल 14 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सभी आरोपी न्यायालय में प्रचलित मामलों व दर्ज मुकदमों में वांछित चल रहे थे, जिन्हें विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इमलिया सुल्तानपुर में सर्वाधिक 6 गिरफ्तारियां
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देशानुसार संबंधित क्षेत्राधिकारियों के निकट पर्यवेक्षण में थानों की पुलिस टीमें लगातार सक्रिय बनी हुई थीं। इस अभियान के दौरान सबसे बड़ी सफलता थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस को मिली, जिसने अलग-अलग मामलों से जुड़े 06 वारंटियों को धर दबोचा।
इनमें पुलिस ने आरोपी सोहन निवासी नरहरियापुर, मूलचन्द्र व ओमप्रकाश दोनों निवासी ग्राम पारा को गिरफ्तार किया। इसके अलावा न्यायालय से वांछित चल रहे तीन अन्य अभियुक्तों छोटेलाल, इन्दल और नरेश तीनों निवासी ग्राम पसनइका को भी पुलिस टीम ने दबोच लिया।
सिधौली, रामपुरकलां और देहात पुलिस की कार्रवाई
अभियान के तहत थाना सिधौली पुलिस ने एक पुराने मामले में वांछित वारंटी अभियुक्त महेश पुत्र स्व. श्रीराम निवासी गनीपुर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
वहीं, थाना कोतवाली देहात पुलिस ने दो वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें वांछित राम प्रकाश निवासी शाहपुर और मुकदमा संख्या के आधार पर वांछित चल रहा वारंटी ज्ञानू निवासी शाहपुर दलावल शामिल है। इसके साथ ही, थाना रामपुरकलां पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारंटी सलीम पुत्र मंगू निवासी पलिया को दबोचकर सलाखों के पीछे भेजा।
रामकोट और महोली में पुराने मामलों के वांछित धरे
थाना रामकोट पुलिस ने पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वारंटी अभियुक्त राजू पुत्र सकटू निवासी इटौवा किशुन को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा।
उधर, थाना महोली पुलिस की टीम ने एक अन्य पुराने मामले में लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे तीन वारंटियों देवीसेवक, सन्तन और नन्दराम तीनों निवासी ग्राम रघुनाथपुर को एक साथ घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले भर के अपराधियों और वारंटियों में हड़कंप का माहौल है।
0 टिप्पणियाँ