सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सीतापुर जिले में आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस. ने सीतापुर पुलिस लाइन में जिले राजपत्रित अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य 'मोहर्रम' और 'कांवड़ यात्रा' जैसे बड़े त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करना था। आईजी ने साफ किया कि उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाना अनिवार्य है।
लंबित मामलों और महिलाओं की सुरक्षा पर कड़ा रुख
समीक्षा बैठक के दौरान आईजी किरण एस. ने लंबे समय से लंबित पड़ी विवेचनाओं और पेंडिंग फाइलों को लेकर सख्त निर्देश दिए कि सभी मामलों का गुण-दोष के आधार पर एक निश्चित समय सीमा के भीतर निपटारा किया जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी न हो।
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा। आदेश दिए गए हैं कि महिला संबंधी अपराधों में तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।
अदालती मुकदमों में प्रभावी पैरवी की रणनीति
बैठक में अपराधियों को कानून के जरिए कड़ी सजा दिलाने के लिए कोर्ट में प्रभावी पैरवी करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। आईजी ने निर्देश दिए कि मुकदमों से जुड़े गवाहों को समय पर अदालत में पेश किया जाए और उनके सामने मजबूत सबूत रखे जाएं। पुलिस का मानना है कि इस कदम से जघन्य अपराधों में शामिल अपराधी कानून के शिकंजे से बच नहीं सकेंगे।
इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा का एक मजबूत खाका खींचा गया है और सभी वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं जमीन पर उतरकर रूट मार्च करने की हिदायत दी गई है।
हुड़दंगियों और माहौल बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर'
आगामी मोहर्रम और कांवड़ यात्रा के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने स्थानीय स्तर पर शांति समितियों की बैठकें बुलाने का फैसला किया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर पहले ही कार्रवाई की जाए ,बैठक के अंत में आईजी ने पुलिस बल को निर्देश दिया कि वे आम जनता के प्रति संवेदनशील और मददगार रवैया अपनाएं, लेकिन कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने में कोई ढिलाई न करें। इस महत्वपूर्ण बैठक में सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल समेत जिले के सभी क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ