सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर गठित टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर कोर्ट से जारी वारंट और गंभीर मुकदमों में वांछित चल रहे कुल 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी के निर्देश पर एक्टिव हुईं पुलिस टीमें
जिले में गंभीर अपराधों में संलिप्त और न्यायालय में चल रहे वादों से कतरा रहे अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए थे। इसके लिए सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। निर्देश मिलते ही एक्शन मोड में आई पुलिस ने अलग-अलग थानों में दबिश देकर 16 वारंटियों व वांछितों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
महोली और लहरपुर पुलिस ने की सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां
इस बड़े अभियान के तहत सबसे बड़ी कार्रवाई महोली और लहरपुर पुलिस की तरफ से देखने को मिली। थाना महोली पुलिस टीम ने विभिन्न पुराने मामलों में वांछित चार वारंटियों राजकुमार, सुनील सिंह उर्फ पुत्तु, जगदीश और राजाराम को गिरफ्तार किया। वहीं, लहरपुर पुलिस टीम ने भी तीन वारंटियों असफाख खान, दिनेश कुमार और रंजीत यादव को दबोचने में सफलता पाई। इसके अलावा कोतवाली नगर पुलिस ने लालकुर्ती निवासी दो वारंटी भाइयों सुनील कुमार तिवारी और संतोष कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है।
अवैध असलहों के साथ हरगांव से तीन वांछित दबोचे
कार्रवाई के दौरान थाना हरगांव पुलिस को भी बड़ी कामयाबी मिली है। हरगांव पुलिस टीम ने एक मामले में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों धर्मेंद्र यादव, अरुण यादव और अजय यादव निवासी ग्राम पकरिया को घेराबंदी कर अवैध शस्त्रों के साथ गिरफ्तार किया। इनके अलावा थानगांव से राजू, नैमिषारण्य से रंजीत, रामकोट से पप्पू राठौर और रामपुर कलां पुलिस द्वारा मुन्ना नाम के वारंटी को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में चालान किया गया।
0 टिप्पणियाँ