सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
भूमि विवादों का मौके पर होगा निपटारा
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने स्पष्ट किया कि जमीन से जुड़े विवादों को लटकाने की प्रवृत्ति अब नहीं चलेगी। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर विवाद सुलझाने के आदेश दिए गए हैं ताकि विवादों को खूनी संघर्ष में बदलने से रोका जा सके।
बेलगाम वाहनों पर प्रशासन की टेढ़ी नजर
जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त प्रवर्तन कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। ओवरस्पीडिंग, डग्गामार वाहनों और हेलमेट-सीटबेल्ट की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब विशेष अभियान चलाकर चालानी कार्यवाही की जाएगी।
सुरक्षा के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी शिकंजा कसा जाए। थानों में आने वाले फरियादियों की सुनवाई प्राथमिकता पर होगी और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित व कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे ताकि आम जनमानस में सुरक्षा का भाव सुदृढ़ हो सके।
0 टिप्पणियाँ