#सीतापुर:चोरी का खुलासा: मुंशीगंज से चोरी गए आभूषणों संग शातिर गिरफ्तार

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): कोतवाली नगर पुलिस ने मुंशीगंज मोहल्ले में धार्मिक कथा के दौरान हुई चोरी की वारदात का महज़ 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज अनावरण किया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद की है। यह सफलता पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह के पर्यवेक्षण में मिली है।
कथा के दौरान उड़ाए थे जेवरात
पुलिस के मुताबिक, बीते 16-17 मई की रात को कोतवाली नगर क्षेत्र के मुंशीगंज मोहल्ले में एक घर में कथा का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान भीड़भाड़ और व्यस्तता का फायदा उठाकर चोर ने घर के भीतर हाथ साफ कर दिया था। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गौशाला के पास से दबोचा गया आरोपी
मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्य करते हुए उपनिरीक्षक विजय कुमार राठी, कांस्टेबल रवि रावत और बलवंत यादव की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस टीम ने उजागर लाल स्कूल के पीछे, गौशाला के सामने नाले के पास ढांग की दूसरी ओर से संदिग्ध अभियुक्त सनी राठौर पुत्र दीनबंधु निवासी मन्नी चौराहा, कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का सारा सामान बरामद हो गया।
बरामद माल और विधिक कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 1880 रुपये नकद, एक  हार, एक चैन, दो अंगूठी, दो कान के झुमके तथा चांदी की दो पाजेब और एक कमरबंद बरामद किया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ