सीतापुर (उत्तर प्रदेश):जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोस्तपुर तिराहे से क्षेत्र के चिन्हित शातिर हिस्ट्रीशीटर विकुल को एक अवैध देशी तमंचे व जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के खिलाफ हत्या और लूट जैसे संगीन अपराधों के कुल 18 मामले दर्ज हैं।
चेकिंग के दौरान घेराबंदी
शनिवार को कोतवाली देहात पुलिस टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था के मद्देनजर गश्त व संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से दोस्तपुर तिराहे के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अभियुक्त को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
संगीन वारदातों का इतिहास
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान विकुल पुत्र इन्द्रपाल , निवासी ग्राम अमीर नगर के रूप में हुई है, जो थाना क्षेत्र का चिन्हित हिस्ट्रीशीटर एच.एस.- 4714A है, इस बदमाश पर सीतापुर के रामकोट, मिश्रित, कोतवाली नगर और देहात थानों में हत्या, लूट, जानलेवा हमला और एनडीपीएस एक्ट के तहत 18 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
विधिक कार्रवाई व पुलिस टीम
इस मामले में पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 133/26 धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत नया केस दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की है। शातिर अपराधी को दबोचने वाली टीम में उपनिरीक्षक तेजबहादुर सिंह, कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार, राशिद मलिक और मानवेन्द्र ढाका शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ