सीतापुर,(उत्तर प्रदेश):रामपुर मथुरा थाना पुलिस ने शनिवार को क्षेत्र के सबसे बड़े और शातिर हिस्ट्रीशीटर कलाम उर्फ चपटी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। डकैती, लूट, गैंगस्टर और पॉक्सो एक्ट जैसी संगीन धाराओं में सीतापुर, लखनऊ व बाराबंकी में दर्ज कुल 17 मुकदमों में वांछित चल रहा यह कुख्यात अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, जिसे पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान कितूरी घाट पुल के पास से दबोच लिया।
पुल के पास घेराबंदी कर दबोचा
अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद के निर्देशन में थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया की टीम क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कितूरी घाट पुल के पास घेराबंदी की और ग्राम मथुरा जंगल निवासी शातिर अपराधी कलाम उर्फ चपटी उर्फ चपटा पुत्र स्व. छंगा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक नाजायज तमंचा और एक जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद हुआ है।
तीन जिलों में फैला था जाल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त थाना क्षेत्र का घोषित हिस्ट्रीशीटर एच.एस.- 001A है और बेहद दुराचारी किस्म का अपराधी है। इसके खिलाफ लखनऊ के ठाकुरगंज थाने में डकैती, बाराबंकी के फतेहपुर, कुर्सी व मो0खाला थानों में चोरी तथा रामपुर मथुरा में पॉक्सो व एससी/एसटी एक्ट समेत कुल 17 गंभीर मामले दर्ज हैं।
आर्म्स एक्ट के तहत भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा अपराध संख्या 132/26 दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष के साथ उपनिरीक्षक मो. अहमद, कांस्टेबल उमेश कुमार, सुनील कुमार और अर्जुन सिंह शामिल रहे। सीतापुर पुलिस ने कहा है कि जनता की सुरक्षा के लिए अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
0 टिप्पणियाँ