सीतापुर(उत्तर प्रदेश): केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश व्यापी समेकित जन कल्याण एवं जागरूकता अभियान का जनपद में भव्य शुभारंभ हुआ। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान और मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। 05 जून से 21 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के उद्यमियों और व्यवसायियों से सीधा संवाद कर उन्हें शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई और सरकार की उपलब्धियों से रूबरू कराया गया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग संजीव सिंह ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे- मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान,एक जनपद एक उत्पाद दरी उद्योग, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, निर्यात प्रोत्साहन के लिए एमडीए योजना और एमएसएमई पॉलिसी-2022 की विस्तृत जानकारी दी।
संवाद में बोले लाभार्थी: नौकरी छोड़ शुरू किया खुद का काम
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। ओडीओपी योजना के लाभार्थी जगदीश प्रसाद ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 25 लाख रुपये का लोन लेकर दरी उद्योग स्थापित किया है, जिसमें आज 60 से 70 लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा, "पहले मैं प्राइवेट नौकरी करता था जिससे परिवार चलाना मुश्किल था, लेकिन सरकार की इस योजना ने मुझे मालिक बना दिया।" इसी प्रकार आकांक्षा वर्मा ने ब्यूटिशियन, शशि देवी ने पगड़ी-साफा उद्योग और सुमित कुमार ने मशरूम उत्पादन के जरिए आत्मनिर्भर बनने के अपने अनुभव साझा किए और सरकार के प्रयासों की सराहना की।
उद्यमी हुए सम्मानित, 20 युवाओं को मिले चेक
समारोह में जनपद के विकास और रोजगार सृजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित उद्यमियों विजय बंसल, महेंद्र अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, कुलदीप सिंह, हाफिज मो. अकरम, संजय बंसल और इश्तियाक हुसैन को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 20 लाभार्थियों को लोन के चेक सौंपे गए, जबकि 11 अन्य लाभार्थियों को योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्षा नेहा अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार और एलडीएम सहित भारी संख्या में स्थानीय उद्यमी, व्यापारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ