सीतापुर (उत्तर प्रदेश): शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महोली थाना पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरजनपदीय भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी सहित चोरी की वारदात में इस्तेमाल होने वाला एक छोटा हाथी और बिना नंबर की नई मोटरसाइकिल बरामद की है। यह शातिर गिरोह सीतापुर, हरदोई और लखीमपुर खीरी जिलों के ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाता था।
चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशानुसार, एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी महोली नागेन्द्र चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम कुसैला-पाताबोझ चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की लाल रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक छोटा हाथी वाहन को आते देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देख आरोपियों ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कसैला रायपुर पातावोझ चौराहे पर ही तीनों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेश निवासी अकौरा हरदोई, तेजपाल उर्फ पट्टर निवासी वनगढ़ गजराजपुर महोली, सीतापुर और पप्पू निवासी मैगलगंज लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।
चोरी के पैसों से बेटे को दिलाई बाइक
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूला कि वे मिलकर एक संगठित भैंस चोर गिरोह चलाते हैं। आरोपियों ने बताया कि बीते 26 मई की रात उन्होंने ग्राम वनगढ़ गजराजपुर से दो भैंसें चोरी की थीं। जिन्हें पप्पू की छोटा हाथी गाड़ी में लादकर बहेरा जलालाबाद के बाजार में एक अज्ञात व्यापारी को 65 हजार रुपये में बेच दिया था।
इस चोरी की रकम में से ₹15,000 डाउनपेमेंट के रूप में जमा करके मुख्य आरोपी राजेश ने अपने बेटे के लिए एक नई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल फाइनेंस कराई थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
तीन मुकदमों का खुलासा, वाहन सीज
गिरोह ने कुछ दिनों पहले ग्राम पेन्दारी पिसावां और ग्राम मूड़ाहारी महोली से भी भैंसें चोरी कर शाहजहाँपुर व जलालाबाद के बाजारों में बेची थीं। इस गिरफ्तारी से महोली और पिसावां थानों में दर्ज पशु चोरी के तीन मुकदमों का सफल अनावरण हुआ है।
आरोपी तेजपाल के पास से अवैध तमंचा व कारतूस मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, वैध कागजात न मिलने पर वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी UP32NN2717 को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम
सराहनीय कार्य करने वाली टीम में उप-निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विष्णु कुमार तिवारी, कांस्टेबल अंकित कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल जतिन कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल शिवओम नायक शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ