#सीतापुर:अपराधियों पर कसा शिकंजा: 7 थानों की पुलिस ने 16 वारंटियों को किया गिरफ्तार, कोर्ट में किया पेश.

 सीतापुर(संवाददाता):जनपद में गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों और न्यायालय से कतरा रहे वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर गठित टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 16 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थानगांव पुलिस ने 6 वारंटियों को दबोचा
पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख के बाद जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमें सक्रिय हो गईं। इस अभियान में सबसे बड़ी सफलता थाना थानगांव पुलिस को मिली, जिसने अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे 6 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें दहेज उत्पीड़न, मारपीट के मामले में तीन सगे भाई जगन्नाथ, देशराज व रमेश (निवासी मियांपुरवा) शामिल हैं। इसके अलावा अवैध शराब तस्करी के आरोपी शत्रोहन व कमलेश और पशु क्रूरता अधिनियम के आरोपी नीलू को भी दबोचा गया।
 शहर से लेकर देहात तक ताबड़तोड़ दबिश
कोतवाली नगर पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमों में वांछित चल रहे 4 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें इजहार, प्रेम त्रिपाठी, शफीक और मनोज शामिल हैं। वहीं थाना रामपुरकलां पुलिस ने दो वारंटियों अमर बहादुर सिंह और गुड्डू उर्फ प्रमोद को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।
सालों पुराने मामलों के आरोपी भी चढ़े हत्थे
पुलिस की इस कार्रवाई में सालों से कोर्ट में लंबित मामलों के आरोपी भी पकड़े गए। कोतवाली देहात पुलिस ने वर्ष 2002 के एक मामले में करीब 50 वर्षीय वारंटी सुरेंद्र पुत्र पप्पू पासी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना महमूदाबाद पुलिस ने सहाबुद्दीन, थाना रामकोट पुलिस ने धर्मेंद्र और थाना बिसवां पुलिस ने रफी पुत्र साबिर कुरैशी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष चालान किया।
एसपी की चेतावनी
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और न्यायालय की प्रक्रिया से भाग रहे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ