#सीतापुर:डीएम के औचक निरीक्षण में खुली सीएचसी हरगांव की पोल, प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत कई का वेतन रोका.

हरगांव सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र  हरगांव में संचालित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं पूरी तरह बदहाल मिलीं, जिस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित कई लापरवाह कर्मियों का वेतन रोकने और अनुशासनिक कार्यवाही के कड़े निर्देश दिए हैं।
गर्भवती महिलाओं का नहीं मिला टीकाकरण, बीपी मशीन खराब
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आई हुई गर्भवती महिलाओं से सीधी वार्ता की। जब उन्होंने एक गर्भवती महिला की टीकाकरण पुस्तिका का अवलोकन किया, तो उसमें टीकाकरण दर्ज नहीं पाया गया। यही नहीं, मौके पर मौजूद ब्लड प्रेशर जांच मशीन भी खराब दशा में मिली। इस घोर लापरवाही पर डीएम ने वहां मौजूद चिकित्सकों को कड़ी फटकार लगाई और प्रभारी चिकित्साधिकारी से अभियान की तैयारियों को लेकर जवाब-तलब किया, कार्यों में रुचि न लेने और गंभीर कमियां मिलने पर डीएम ने एच0ई0ओ0 का 15 दिन का वेतन काटने व अनुशासनिक कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का अग्रिम आदेशों तक और अभियान से जुड़े चिकित्सकों का 15 दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया।
एक्सरे कक्ष में मिलीं खामियां
गर्भवती महिलाओं की जांच परख करने के बाद जिलाधिकारी सीधे अस्पताल के एक्सरे कक्ष पहुंचे। वहां पहुंचने पर पता चला कि एक्सरे फिल्म ही उपलब्ध नहीं है। जब डीएम ने इस संबंध में पूछा तो वहां तैनात कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके अलावा जिन मरीजों के पूर्व में एक्सरे किए गए थे, उनका मोबाइल नंबर भी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं था।
जवाबदेही तय, अनुशासनिक कार्यवाही के निर्देश
अस्पताल प्रशासन की इस कदर लापरवाही देख जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया। उन्होंने एक्सरे कक्ष के संबंधित कर्मचारी के खिलाफ तत्काल अनुशासनिक कार्यवाही करने और अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ