सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सीतापुर पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाले अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह आम चोरों की तरह नहीं, बल्कि 'ऑडी' और 'सियाज' जैसी लग्जरी कारों में सवार होकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। थाना अटरिया और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात, नकदी, अवैध हथियार और दो लग्जरी कारें बरामद हुई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 77 लाख रुपये आंकी गई है।
अटरिया व मनवा गांव की चोरियों का खुलासा
पुलिस अधीक्षक सीतापुर के निर्देशानुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अटरिया पुलिस और स्वात/एसओजी टीम को यह बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मामले की आधिकारिक जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के मनवा और अलमदा गांवों में पिछले दिनों हुई चोरी की बड़ी वारदातों के बाद से ही पुलिस की टीमें सक्रिय थीं। मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले 10 से 15 दिनों से क्षेत्र में सक्रिय थे और सूने घरों को निशाना बनाते थे।
ऑडी और सियाज कार से चलते थे शातिर चोर
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के अनुसार, इस गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद हाईटेक थी। ये लोग चोरी करने के लिए बेहद कीमती और लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से एक आलीशान काले रंग की ऑडी कार (UP16AJ6156) और एक सफेद रंग की मारुति सियाज कार (जिस पर फर्जी नंबर UP16BS4577 लगा था, जबकि वास्तविक नंबर UP16BF4969 है) बरामद की है।जांच में सामने आया है कि ऑडी कार किसी सुपर टेक कंपनी के नाम पर और सियाज कार नीलम देवी नामक महिला के नाम पर पंजीकृत है। चोर वारदात के समय गाड़ियों की नंबर प्लेट बदल देते थे।
30 मुकदमों का इतिहास और बरामदगी का विवरण
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान योगेन्द्र चौहान पुत्र पिंकू चौहान निवासी ग्राम नरेन्द्रपुर मजरा लालपुर, थाना सदरपुर, सीतापुर धर्मराज यादव पुत्र परशुराम यादव निवासी ग्राम बड़ाहीहा मजरा गोदनी संरेया, थाना रेउसा, सीतापुर।गिरोह का मुख्य सरगना योगेन्द्र चौहान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ लूट, चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस सहित विभिन्न थानों में 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह महमूदाबाद से गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित भी चल रहा था।
बरामदगी का विवरण:
जेवरात:01 सोने का हार, 01 मंगलसूत्र लॉकेट, 02 सोने के झाले , 02 चांदी की पायल और 06 बिछिया हथियार: 12 बोर के 02 अवैध देसी तमंचे और 02 जिंदा कारतूस नकदी व अन्य ₹4,000/- नगद और 01 वीवो एंड्रॉइड मोबाइल इस शानदार और त्वरित सफलता पर पुलिस अधीक्षक सीतापुर द्वारा अनावरण करने वाली संयुक्त पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु ₹25,000/- के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
0 टिप्पणियाँ